60 फीट टंकी पर फंसे बच्चे, फिर आसमान से आई मदद—एयरफोर्स का हैरतअंगेज रेस्क्यू

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक खतरनाक हादसा उस वक्त हो गया, जब कुछ किशोर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के चक्कर में 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। यह स्टंट उनके लिए भारी पड़ गया और उतरते समय सीढ़ी टूटने से तीन बच्चे नीचे गिर गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना शनिवार दोपहर काशीराम आवास कॉलोनी की है, जहां कुल पांच किशोर टंकी पर चढ़े थे। हादसे के दौरान दो बच्चे टंकी के ऊपर ही फंस गए। उन्होंने गिरने से बचने के लिए लोहे की रॉड पकड़ ली और किसी तरह दोबारा ऊपर चढ़ गए, लेकिन नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा।

स्थिति तब और चुनौतीपूर्ण हो गई जब टंकी के चारों ओर पानी भर जाने से दलदल जैसी स्थिति बन गई। इससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी बाधाएं आईं। हाइड्रॉलिक क्रेन भी मौके तक नहीं पहुंच सकी। प्रशासन ने 150 मीटर लंबी अस्थायी सड़क बनाने का प्रयास किया, लेकिन रात में हुई तेज बारिश के कारण काम अधूरा रह गया।

आखिरकार प्रशासन ने Indian Air Force से मदद मांगी। रविवार सुबह करीब 5:20 बजे वायुसेना का Mi-17 V5 helicopter घटनास्थल पर पहुंचा। सेंट्रल एयर कमांड की निगरानी में शुरू किए गए इस विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 5:30 बजे दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बचाए गए बच्चों को तुरंत गोरखपुर ले जाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच कराई गई। वायुसेना द्वारा जारी वीडियो में पूरे ऑपरेशन की सटीकता और तत्परता स्पष्ट दिखाई देती है।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार वायुसेना और राज्य सरकार के संपर्क में था। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय का आभार जताते हुए कहा कि समय पर लिए गए निर्णयों के कारण दो बच्चों की जान बचाई जा सकी।

यह घटना एक बार फिर युवाओं में सोशल मीडिया के खतरनाक ट्रेंड्स को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.