रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। 22/23 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि करीब 11:54 बजे भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK 13 TA 1991 भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम सक्रिय हो गई।
SDRF नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलते ही अगस्तमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्गम और खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पता चला कि वाहन में कुल तीन लोग सवार थे और हादसे की भयावहता के कारण तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। SDRF टीम ने तत्परता दिखाते हुए शवों को खाई से बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक एक शव को सुरक्षित रोड हेड तक पहुंचा दिया गया था, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य जारी था।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह, अमित सिंह और अंशुल के रूप में हुई है, जो सभी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।