महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के विरोध को लेकर उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई है। इसी क्रम में अल्मोड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्य ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर विपक्षी दलों द्वारा विरोध करना देश की आधी आबादी के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन में शामिल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों ने महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने का काम किया है।
रेखा आर्य ने कहा कि यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व के अवसरों की अनदेखी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता इस रवैये को देख रही है और आने वाले चुनावों में विपक्ष को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही हैं, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बाधा डाल रहा है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम पालीवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष किरण पंत और जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करते हुए विपक्ष के खिलाफ नाराजगी भी जाहिर की।