जिज्ञासा विश्वविद्यालय के बीएससी (ऑनर्स) कृषि के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शोध प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के छात्र प्रतीक कश्यप और शिखा शर्मा ने 8वें प्लांट साइंस रिसर्चर्स मीट 2025–26 में पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल कर “इमर्जिंग रिसर्चर अवॉर्ड” अपने नाम किया।
यह प्रतिष्ठित आयोजन तुला’स इंस्टीट्यूट, देहरादून में आयोजित किया गया था, जिसमें देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए प्रतिभाशाली छात्रों और शोधकर्ताओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में छात्रों ने अपने शोध कार्यों को पोस्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसमें जिज्ञासा विश्वविद्यालय के छात्रों का प्रदर्शन सबसे उत्कृष्ट रहा।
इस उपलब्धि को डॉ. देवेंद्र भसीन, उपाध्यक्ष, उच्च शिक्षा उन्नयन परिषद, उत्तराखंड की गरिमामयी उपस्थिति में सराहा गया। उन्होंने छात्रों की मेहनत और नवाचार की भावना की प्रशंसा करते हुए इसे राज्य के लिए गर्व की बात बताया।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. इरफान खान ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और शोध-उन्मुख वातावरण को दर्शाती है। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
वहीं कुलपति प्रो. शंकर राममूर्ति ने भी छात्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, समर्पण और उनके मार्गदर्शकों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है और आने वाले समय में ऐसे ही और उपलब्धियों की उम्मीद की जा रही है।