सीएम धामी का सरप्राइज निरीक्षण! वीडियो कॉल पर अधिकारियों को दिखाई जमीनी हकीकत

Dehradun। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायतों के निस्तारण को लेकर एक अलग ही पहल करते हुए खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। देहरादून के जाखन क्षेत्र में दर्ज एक शिकायत के बाद मुख्यमंत्री ने सीधे स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त संदेश दिया।

दरअसल, जाखन निवासी विवेक मदान ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि राजपुर रोड पर विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान बनाए गए फुटपाथ को नुकसान पहुंचा है। शिकायत के अनुसार, पहले बनाए गए फुटपाथ को खोदकर लाइन डाली गई, लेकिन बाद में सही तरीके से भरान नहीं किया गया, जिससे टाइल्स धंस गईं और आम लोगों को परेशानी हो रही है।

शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा से पहले मुख्यमंत्री धामी खुद मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता को साथ लेकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने मोबाइल फोन के जरिए अधिकारियों को वीडियो कॉल कर मौके की वास्तविक स्थिति दिखाई।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कहा कि विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद कई स्थानों पर बिजली के तार बाहर दिखाई दे रहे हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य बेहतर योजना और समन्वय के साथ किए जाएं, ताकि बार-बार खुदाई और मरम्मत से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की लापरवाही से न केवल जनता को असुविधा होती है, बल्कि सरकारी धन की भी बर्बादी होती है।

इस निरीक्षण के बाद प्रशासनिक तंत्र में सक्रियता बढ़ी है और संबंधित विभागों को जल्द सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.