उत्तराखंड बना ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’—क्या है इस बड़ी उपलब्धि के पीछे की रणनीति?

देहरादून। उत्तराखंड को ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में नई संभावनाएं खुल गई हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की।

इस मुलाकात के दौरान राज्य को फिल्म निर्माण के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने, निवेश को आकर्षित करने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण फिल्म निर्माण के लिए बेहद अनुकूल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाया जाए और इसे एक मजबूत फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार की नई फिल्म नीति को उद्योगोन्मुख बनाते हुए फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स में छूट और कई अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियों को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि इन प्रयासों से उत्तराखंड में फिल्म उद्योग को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही राज्य की संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी।

यह पहल उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.