चारधाम यात्रा में ‘नो कैप’ का फैसला क्यों बना बड़ा मुद्दा? भाजपा ने बताया ऐतिहासिक कदम

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। राज्य सरकार द्वारा यात्री संख्या पर लगाई गई सीमा हटाने यानी ‘नो कैप नीति’ को भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक कदम बताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करने के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा देवभूमि उत्तराखंड की पहचान है और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा सरकार के प्रयासों से यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया गया है, जिसके चलते तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में यात्री संख्या पर कुछ सीमाएं एहतियात के तौर पर लगाई गई थीं, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। लेकिन अब परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने यह सीमा हटाने का फैसला लिया है, जिससे अधिक से अधिक लोग बिना किसी भ्रम के यात्रा कर सकेंगे।

भट्ट ने कहा कि इस निर्णय से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों को भी आर्थिक लाभ होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करें।

उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि राज्य सरकार के कुशल प्रबंधन के चलते इस बार भी चारधाम यात्रा सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.