गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई: हजारों कनेक्शन किए गए ट्रांसफर

देहरादून में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने मैसर्स हीरा गैस सर्विस के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसके हजारों गैस कनेक्शन अन्य एजेंसियों में स्थानांतरित कर दिए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल के संज्ञान में इस गैस एजेंसी के खिलाफ वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई गई, जिसमें गैस वितरण में गड़बड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए त्वरित निर्णय लिया।

प्रशासन के अनुसार, मैसर्स हीरा गैस सर्विस के करीब 14,000 गैस कनेक्शनों को निकटवर्ती एजेंसियों—अनिल इंडेन गैस सर्विस और आर्केडिया इंडेन गैस सर्विस—में ट्रांसफर कर दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसका विशेष ध्यान रखा गया है।

गौरतलब है कि इस एजेंसी के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ऐसे में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की है।

जिला प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं को समय पर और सही तरीके से गैस उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अन्य गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखें।

इस कार्रवाई से जहां उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, वहीं अन्य एजेंसियों के लिए भी यह एक सख्त संदेश है कि नियमों का पालन अनिवार्य है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.