देहरादून जिले के ऋषिकेश में दिव्यांगजनों के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला प्रशासन द्वारा यहां एक आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जो विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में शुरू की गई इस परियोजना को राज्य में अपनी तरह की पहली पहल माना जा रहा है। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इस इंडोर हॉल के बनने से प्रतिभावान दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलेगा।
परियोजना के लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि का चयन किया गया है और इसके निर्माण के लिए कुल 62.67 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह धनराशि दो चरणों में जारी की जा रही है। पहले चरण में 25.41 लाख रुपये नगर निगम ऋषिकेश को दिए जा चुके हैं, जिसके आधार पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वहीं शेष 37.26 लाख रुपये की राशि को भी मंजूरी दे दी गई है।
यह परियोजना जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) मद के अंतर्गत संचालित की जा रही है। नगर निगम ऋषिकेश द्वारा प्रस्तुत संशोधित प्रस्ताव के अनुसार कुल लागत तय की गई है। प्रशासन का मानना है कि इस हॉल के बनने से न केवल स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकेंगे।
इस पहल से उन दिव्यांगजनों को विशेष लाभ मिलेगा, जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं। अब उन्हें एक ऐसा मंच मिलेगा, जहां वे अपने हुनर को निखार सकेंगे और देश-प्रदेश का नाम रोशन कर पाएंगे।