देहरादून मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित आभार रैली में भाग लेते हुए नगर निकाय कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की। यह कार्यक्रम उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान वास्तव में प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित है, जिनकी सेवा के लिए सरकार और कर्मचारी निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के समग्र विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, और नगर निकाय कर्मियों की जिम्मेदारी तो विशेष रूप से अहम होती है क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों और कस्बों में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, कूड़ा प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का सुचारु संचालन निकाय कर्मचारियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इन कर्मचारियों के बिना शहरी जीवन की कल्पना करना संभव नहीं है।
कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस कठिन समय में निकाय कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवाएं दीं और स्वच्छता व जनसुविधाओं को बनाए रखा। उन्होंने इसे मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की उत्कृष्ट मिसाल बताते हुए कर्मचारियों के सेवा भाव को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों और उनके कार्य-परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारी मिलकर ही उत्तराखंड को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।