एलपीजी की कोई कमी नहीं, कृत्रिम संकट पैदा करने वालों पर होगी एफआईआर: मंत्री रेखा आर्य

Dehradun।  प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  Rekha Arya  ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है और किसी भी जिले में गैस की कमी जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी कृत्रिम अभाव पैदा करने या कालाबाज़ारी करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।

यह बात उन्होंने विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद कही। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ गैस आपूर्ति करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया था, जबकि सभी जिलों के जिला पूर्ति अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में गैस वितरण की स्थिति, स्टॉक और सप्लाई की निगरानी करना था।

मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल  35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन और  60,976 कमर्शियल कनेक्शन  सक्रिय हैं। इसके साथ ही प्रदेश में फिलहाल  80,861 घरेलू सिलेंडर  और  12,146 कमर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि रोजाना गैस की नियमित सप्लाई भी जारी है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने यह भी कहा कि यदि कहीं भी सिलेंडर की जमाखोरी या कृत्रिम कमी की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

सरकार का कहना है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित समीक्षा बैठकों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और किसी प्रकार की अफवाह या गलत सूचना से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.