हरिद्वार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 11 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

हरिद्वार।  जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल करते हुए 11 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। रोशनाबाद स्थित पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार कई थानों और कोतवालियों को नए प्रभारी सौंपे गए हैं।

जारी सूची के अनुसार, नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर रितेश शाह को अब कोतवाली भगवानपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ज्वालापुर कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर कुंदन राणा को नगर कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर चन्द्रभान सिंह को कोतवाली ज्वालापुर की कमान सौंपी गई है।

इसी क्रम में बहादराबाद कोतवाली प्रभारी विजय सिंह को झबरेड़ा थाने का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि मंगलौर से स्थानांतरित इंस्पेक्टर अमरजीत को बहादराबाद कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात दरोगा सुखपाल मान को मंगलौर कोतवाली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) के पद पर तैनात किया गया है।

बुग्गावाला थाना प्रभारी भगवान सिंह मेहर को कोतवाली मंगलौर का प्रभारी बनाया गया है, जबकि एसएसआई अंकुर शर्मा को बुग्गावाला थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा दरोगा मनोज गैरोला को बहादराबाद थाने में एसएसआई तथा दरोगा अजय शाह और नितिन बिष्ट को रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ये तबादले अधिकारियों के अनुभव, कार्यक्षमता और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई तैनाती के बाद सभी अधिकारी और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.