देहरादून से पिथौरागढ़ अब सिर्फ 1 घंटे दूर: सीएम धामी ने शुरू की नई विमान सेवा

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू की गई यह सेवा राज्य के सीमांत क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। इस सेवा के तहत एलाइंस एयर द्वारा 42 सीटों वाले विमान का संचालन किया जाएगा, जिससे अब देहरादून से पिथौरागढ़ की यात्रा महज एक घंटे में पूरी की जा सकेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सेवा स्वास्थ्य, शिक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस नई उड़ान सेवा से सीमांत जिले पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुई इस योजना ने छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर आम लोगों के लिए हवाई यात्रा सुलभ बनाई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत आने वाले वर्षों में देशभर में नए हवाई अड्डों और हेलीपैड का व्यापक विकास किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड सरकार राज्य में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वर्तमान में राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं, जबकि उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत कई नए मार्गों पर नियमित उड़ानें शुरू की गई हैं। पिछले चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में और अधिक विमान सेवाएं शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और राज्य के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.