After Header-1

‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम में 38 वरिष्ठ महिलाओं का सम्मान, सीएम धामी बोले— पहाड़ की असली ताकत मातृशक्ति

देहरादून।  अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित ‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए राज्य की वरिष्ठ मातृशक्ति को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति और जल संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राज्यभर की 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज उन महिलाओं का सम्मान किया जा रहा है, जिनके त्याग, संघर्ष, स्नेह और संस्कारों ने परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही पीढ़ियां आगे बढ़ती हैं और समाज निरंतर प्रगति करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं मां के रूप में अपने जीवन के अनेक सुखों का त्याग कर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए समर्पित रहती हैं। वरिष्ठ महिलाएं केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं होतीं, बल्कि वे संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों की संरक्षक भी होती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का योगदान विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा है। यहां की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ खेत-खलिहानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कठिन परिस्थितियों में भी वे साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ की असली ताकत उसकी मातृशक्ति है, जिसने अपने त्याग और परिश्रम से राज्य के विकास में अहम योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और वृद्ध माताओं की सेवा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार महिलाओं, विशेषकर वरिष्ठ महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन योजना और विधवा पेंशन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, वहीं बुजुर्गों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और विभिन्न जिलों में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से आई महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष गीता राम गौड़, निदेशक बीएल राणा, विक्रम सिंह, एसके त्रिपाठी और मोहित चौधरी सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.