किसान-मजदूरों की रकम डकारने का आरोप! बैंक घोटाले की जांच को लेकर गृहमंत्री के नाम ज्ञापन

देहरादून। अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक से जुड़े कथित घोटाले की जांच की मांग को लेकर राष्ट्रीय मजदूर किसान संगठन ने जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री को ज्ञापन भेजा। संगठन के प्रदेश प्रभारी Arun Kumar Sharma के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री Amit Shah को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सदर सुरेश सेमवाल को सौंपा।

ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के प्रदेश प्रभारी अरुण कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2011-12 से अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है, जिसमें किसानों और मजदूरों की जमा राशि और शेयर मनी का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में बैंक के संचालक मंडल के साथ-साथ नियामक तंत्र की भी भूमिका संदिग्ध रही है।

शर्मा ने कहा कि संगठन के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस घोटाले की जानकारी वर्ष 2022 से आरटीओ और पुलिस विभाग को भी थी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार संस्थाओं की कथित मिलीभगत के कारण किसान और मजदूर वर्ग को न्याय नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक का संचालक मंडल किसानों और मजदूरों की शेयर मनी हड़प गया है, जिससे बड़ी संख्या में खाताधारकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। संगठन ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।

अरुण कुमार शर्मा ने जिला प्रशासन से मांग की कि किसानों और मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

उन्होंने बताया कि संगठन ने पहले इस मुद्दे को लेकर उत्तराखंड दौरे पर आए गृहमंत्री अमित शाह के घेराव का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन प्रशासन के अनुरोध पर फिलहाल उनके नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

इस दौरान कपिल पंवार, राहुल रुहेला, मोहम्मद शराफत, मोहित और महताब सिद्दीकी सहित कई लोग मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.