सीएम धामी का होली संदेश: जानिए क्यों बताया इसे सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने होली पर्व की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। जारी संदेश में उन्होंने कहा कि होली केवल रंग और उल्लास का त्योहार नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक समरसता और एकता की भावना को सुदृढ़ बनाने का कार्य करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली हमारी लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा और आध्यात्मिक चेतना से गहराई से जुड़ा हुआ पर्व है। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी समाज को जोड़ने का कार्य करती आ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में होली का विशेष महत्व है और यह प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारे का संदेश देती है।

धामी ने कहा कि होली के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। इस प्रकार यह पर्व केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का भी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि होली का यह पावन पर्व प्रदेश में समृद्धि और उन्नति के नए रंग लेकर आए। उन्होंने भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की कि सभी प्रदेशवासियों का जीवन सुख, शांति और सफलता के रंगों से परिपूर्ण हो।

उन्होंने कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और खुशहाली का संचार करे तथा समाज में प्रेम और एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ बनाए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.