होली मिलन समारोह में मंत्री जोशी का बड़ा ऐलान, पिंडर घाटी में बनेंगे मिलन केंद्र

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने होली पर्व के अवसर पर विभिन्न होली मिलन समारोहों में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को रंगों के इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला उत्सव है।

देहरादून के प्रेमनगर स्थित माँ बधाणगढ़ी पिंडर घाटी समिति द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में मंत्री जोशी विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने फूलों की होली खेलकर उपस्थित लोगों के साथ उत्सव का आनंद साझा किया। उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इसके अतिरिक्त मंत्री जोशी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब तथा कुर्मांचल परिषद हाथीबड़कला शाखा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोहों में भी सहभागिता की। यहां उन्होंने पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान मंत्री जोशी ने पिंडर घाटी क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर मिलन केंद्र बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के निर्माण से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.