क्या खामेनेई की मौत से खत्म होगा 47 साल पुराना इस्लामिक शासन?

मध्य पूर्व की राजनीति में भूचाल लाने वाली खबर सामने आई है। इजरायल और अमेरिका के हमलों के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के मारे जाने की खबरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन इस सूचना के बाद पूरे मिडिल ईस्ट पर दुनिया की नजरें टिक गई हैं।

अगर यह खबर सही साबित होती है, तो यह केवल एक नेता की मौत नहीं, बल्कि 47 वर्षों से चले आ रहे ईरान के इस्लामिक शासन के अंत की शुरुआत मानी जा सकती है। 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद से ईरान में धार्मिक नेतृत्व की मजबूत पकड़ रही है। खामेनेई की मौत के साथ ही सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं।

चर्चा है कि अमेरिका में निर्वासित जीवन जी रहे ईरान के क्राउन प्रिंस रजा पहलवी को नई सत्ता का चेहरा बनाया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो ईरान की विदेश नीति और क्षेत्रीय रणनीति में बड़ा बदलाव संभव है।

अब तक ईरान, अमेरिका और इजरायल विरोधी ताकतों का प्रमुख केंद्र रहा है। ईरान के समर्थन से सक्रिय संगठन—हमास, हिजबुल्लाह और हूती—क्षेत्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। इन संगठनों को ईरान से वित्तीय और सैन्य समर्थन मिलता रहा है, जिसके जरिए यमन, लेबनान और गाजा जैसे क्षेत्रों में उसका प्रभाव बना रहा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईरान में अमेरिका समर्थित सरकार बनती है, तो इन संगठनों की ताकत कमजोर पड़ सकती है। इसका सीधा फायदा इजरायल को मिल सकता है, जो पहले से ही क्षेत्र में अपनी सुरक्षा रणनीति को मजबूत करने में लगा है।

ईरान अब तक शिया इस्लाम का प्रमुख प्रतिनिधि रहा है और सऊदी अरब व तुर्की जैसे सुन्नी बहुल देशों के साथ उसका वैचारिक टकराव रहा है। वहीं सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन जैसे देश पहले ही अमेरिका के सहयोगी हैं और अब्राहम अकॉर्ड के तहत इजरायल के साथ संबंध सामान्य कर चुके हैं।

ऐसे में ईरान में संभावित सत्ता परिवर्तन से मिडिल ईस्ट का शक्ति संतुलन पूरी तरह बदल सकता है। अब सवाल यह है कि यदि रजा पहलवी नेतृत्व संभालते हैं, तो क्या नया ईरान पश्चिमी देशों के करीब जाएगा और क्या दशकों पुराने क्षेत्रीय संघर्षों पर विराम लग पाएगा? आने वाले दिनों में यह स्थिति वैश्विक राजनीति की दिशा तय कर सकती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.