रुद्रपुर स्थित Devsthali Vidyapeeth Group of Institutions में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक स्पोर्ट्स कार्निवाल 2026 का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने शिरकत की और विजेता प्रतिभागियों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
महापौर के आगमन पर संस्थान के प्रबंध निदेशक मनीन्द्र सिंह कोश्यारी, कार्यकारी निदेशक आरसी चौधरी और परिसर निदेशक डॉ. सीएस मेहता ने उनका स्वागत किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि खेल मानसिक और शारीरिक विकास का मजबूत आधार हैं। खेल हमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता सिखाते हैं, साथ ही हार को स्वीकार कर निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि रुद्रपुर नगर निगम शहर में शीघ्र ही एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्निवाल में टग ऑफ वार, कबड्डी, क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबॉल, दौड़, शतरंज, कैरम और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विभिन्न हाउस के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीन हाउस ओवरऑल चैंपियन बना।
अंतिम दिन टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ के बीच हुए क्रिकेट मैच में टीचिंग स्टाफ ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। समारोह में कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक डॉ. हिमांशु जोशी, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या डॉ. सपना दास सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।