लोकार्पण से पहले सैन्य धाम का जायजा, गणेश जोशी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम के कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सैन्य धाम केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के वीर शहीदों के सम्मान और प्रदेश की गौरवशाली सैन्य परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोकार्पण से पूर्व सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मंत्री ने समन्वय और आपसी तालमेल के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया, ताकि लोकार्पण कार्यक्रम गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित हो सके। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि रही है और सैन्य धाम उन शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को समर्पित है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्थल बनेगा और युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा। राज्य सरकार इस परियोजना को विशेष प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

बैठक में सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, अपर सचिव श्याम सिंह, उपनल एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट तथा उपनिदेशक विंग कमांडर निधि बधानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.