मसूरी में अब 54 गोल्फकार्ट, रिक्शा चालकों को मिलेगा रोजगार और पर्यटकों को सुविधा

देहरादून। मसूरी में पर्यटन और आवागमन को आसान बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। अब मसूरी में कुल 54 गोल्फकार्ट संचालित किए जाएंगे। दिसंबर 2024 में 4 गोल्फकार्ट के साथ शुरुआत की गई थी, जो अब बढ़कर 14 हो चुकी हैं। जल्द ही 40 नए गोल्फकार्ट जोड़ने की योजना है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए मॉल रोड और कैमल बैक रोड पर यात्रा और सुगम हो जाएगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि गोल्फकार्ट संचालन से पुराने जमाने के रिक्शों की आवश्यकता धीरे-धीरे कम होगी। इसके लिए स्थानीय रिक्शा चालकों को पहले ही प्रशिक्षण दिया गया है। जिला प्रशासन ने रिक्शा चालकों और गोल्फकार्ट संचालन के बीच संतुलन बनाने के लिए “2 रिक्शा चालक पर 1 गोल्फकार्ट” मॉडल अपनाया है, जिससे उनके रोजगार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

गोल्फकार्ट परियोजना के लिए आरईसी फाउंडेशन लिमिटेड से CSR फंड के तहत 3.36 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह धनराशि न केवल गोल्फकार्ट की खरीद में उपयोग होगी, बल्कि संचालन और रखरखाव को सुदृढ़ करने में भी मदद करेगी।

जिला प्रशासन का लक्ष्य न केवल जाम और प्रदूषण से छुटकारा दिलाना है, बल्कि पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक परिवहन सुविधा के माध्यम से मसूरी में पर्यटन को बढ़ावा देना भी है। प्रशासन ने माल रोड और कैमल बैक रोड पर वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करते हुए गोल्फकार्ट को प्राथमिकता दी है।

इस अभिनव पहल से न केवल पर्यटकों की यात्रा आसान होगी, बल्कि स्थानीय नागरिकों की सुविधा बढ़ेगी और रिक्शा चालकों के रोजगार के अवसर भी सुरक्षित रहेंगे। गोल्फकार्ट परियोजना मसूरी में पर्यटन और शहर प्रबंधन में ऐतिहासिक बदलाव के रूप में सामने आ रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.