इस बार खास होगा महिला दिवस, दादियों-नानियों के सम्मान का बड़ा फैसला

देहरादून। इस वर्ष प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एक विशेष अंदाज में मनाया जाएगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री **रेखा आर्य** ने घोषणा की है कि इस बार महिला दिवस राज्य की दादियों और नानियों को समर्पित होगा।

कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज की नींव को मजबूत बनाने में वृद्ध महिलाओं का अतुलनीय योगदान रहा है। उनके त्याग, परिश्रम और संस्कारों ने परिवारों को संजोकर रखा है, इसलिए उन्हें सम्मानित करना पूरे समाज का कर्तव्य है।

रेखा आर्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद से वृद्ध महिलाओं को ससम्मान आमंत्रित किया जाएगा। यह आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि उनके अनुभवों और जीवन संघर्षों को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करने का अवसर भी बनेगा। उन्होंने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरदराज के गांवों में सर्वेक्षण कर यह पता लगाया जाए कि वृद्ध महिलाओं को किन-किन प्रकार की सहायता की आवश्यकता है। उनके स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्ययोजना तैयार करने को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल युवा पीढ़ी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन महिलाओं तक भी पहुंचना चाहिए जिन्होंने जीवनभर परिवार और समाज के लिए योगदान दिया है। इस पहल से वृद्ध महिलाओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा।

बैठक में विभागीय निदेशक बंशीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.