टूरिस्ट बनकर गांजा तस्करी! रानीखेत में पुलिस–एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 66 किलो नशा बरामद

रानीखेत। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीखेत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह चेकिंग के दौरान टीम ने अशोक द्वार के पास एक कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर पर्यटक बनकर लगेज बैग में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा द्वारा जिले में अवैध रूप से गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

प्रभारी निरीक्षक रानीखेत भुवन चंद्र जोशी एवं प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने अशोक द्वार के पास रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार (संख्या UP23 BT 0365) को चेकिंग के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन युवकों के पास से कुल 66.288 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार तस्कर खुद को पर्यटक दिखाने के लिए लगेज बैग का उपयोग कर रहे थे, ताकि किसी को संदेह न हो। लेकिन सतर्कता और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने समय रहते इस तस्करी को नाकाम कर दिया। बरामद गांजा की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

चेकिंग के दौरान उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट, एसओजी के कांस्टेबल अवधेश कुमार, कमल गोस्वामी, देवेन्द्र सिंह तथा होमगार्ड मनोज सिंह करायत मौजूद रहे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.