रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय बजट की प्रमुख विशेषताओं को साझा करते हुए इसे *विकसित भारत की मजबूत आधारशिला* करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग को सशक्त करने वाला दूरदर्शी रोडमैप है, जो देश को आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से ले जा रहा है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट भारत के आर्थिक और औद्योगिक कायाकल्प का स्पष्ट संकेत देता है। उन्होंने मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन चुका है। चालू वित्तीय वर्ष के केवल पांच महीनों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का स्मार्टफोन निर्यात इस बात का प्रमाण है कि *आत्मनिर्भर भारत* अब नारा नहीं, बल्कि वास्तविकता बन चुका है।
उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इस निवेश से सड़क, रेल और परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिली है, जिससे न केवल आवागमन आसान हुआ है बल्कि लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।
अजय भट्ट ने मुद्रा योजना की सफलता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 38 लाख करोड़ रुपये का ऋण छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को दिया गया है, जिससे 12 करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। इसके साथ ही भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है। देश में 50 हजार से अधिक स्टार्टअप्स सक्रिय हैं, जो लाखों युवाओं को रोजगार प्रदान कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व मेयर रामपाल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।