देहरादून में भाजपा को बड़ी मजबूती: सैकड़ों जनप्रतिनिधि और नेता हुए शामिल

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी को उत्तराखंड में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक संबल मिला है। भाजपा मुख्यालय देहरादून में आयोजित औपचारिक सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और कर्मचारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सुबह से ही पार्टी कार्यालय में भारी संख्या में लोगों का जमावड़ा देखने को मिला, जिससे माहौल पूरी तरह केसरियामय नजर आया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की मौजूदगी में सभी नवागंतुकों का पार्टी का पटका पहनाकर और फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान कई वरिष्ठ विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें विधायक खजान दास, मदन कौशिक, प्रेमचंद अग्रवाल, शक्ति लाल शाह, दुर्गेश्वर लाल, राजकुमार पोरी, अनिल नौटियाल, भोपाल राम टम्टा, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन प्रमुख रहे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर एकजुट होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और डबल इंजन सरकार की नीतियों व उपलब्धियों पर पूरा भरोसा जता रही है। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों का भाजपा की विचारधारा से जुड़ना इस विश्वास का प्रमाण है।

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग भ्रम और नकारात्मक राजनीति के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें आज भाजपा मुख्यालय का दृश्य देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सकारात्मक राजनीति ने न केवल आम जनता बल्कि अन्य दलों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और कर्मचारियों का भी विश्वास जीता है। कांग्रेस, यूकेडी, बसपा और निर्दलीय दलों से जुड़े नेताओं का भाजपा में आना यह दर्शाता है कि प्रदेश की राजनीतिक हवा का रुख बदल रहा है और 2027 के चुनाव से पहले केसरिया रंग और गहरा होगा।

कार्यक्रम के दौरान पौड़ी विधानसभा से नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी सहित कई सभासद, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधानों ने भाजपा की सदस्यता ली। चमोली जिले से महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री रेणु नेगी, देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम भी भाजपा में शामिल हुए।

उत्तरकाशी, पुरोला, कर्णप्रयाग, थराली, घनसाली, टिहरी, ऋषिकेश, धर्मपुर और रुड़की विधानसभा क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कई सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा नेता भी शामिल रहे।

पार्टी नेताओं ने इसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.