झांकियां, सम्मान और देशभक्ति का संगम: चमोली में गणतंत्र दिवस समारोह रहा यादगार

चमोली जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सोमवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातःकाल स्कूली बच्चों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरियां निकाली गईं, वहीं सभी शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर राष्ट्र के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई।

मुख्य समारोह पुलिस मैदान, गोपेश्वर में आयोजित हुआ, जहां पुलिस विभाग द्वारा भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री एवं विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सहकारिता, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा दुग्ध विकास मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री ने शहीद पार्क पहुंचकर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को विशेष रूप से आकर्षित किया।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान के लागू होने का गौरवशाली दिन है, जो हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि संविधान समानता, न्याय, स्वतंत्रता और भाईचारे के मूल सिद्धांतों पर आधारित है, जिनका अनुसरण कर देश को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार नशामुक्त एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी ठोस सुधार किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान कर्तव्यनिष्ठा और कानून व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने पर उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी, संजय नेगी एवं मानवेंद्र गोसाईं को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुमारी स्वाती बड़वाल सहित अन्य खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। बहादुरी के लिए देवेश प्रसाद मलेठा सहित बच्चों को सम्मान प्रदान किया गया। विभागीय झांकियों में ग्राम विकास विभाग को प्रथम, उद्यान विभाग को द्वितीय तथा स्वास्थ्य विभाग को तृतीय पुरस्कार मिला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.