देहरादून। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) द्वारा आयोजित नॉर्थ जोन यूथ फेस्टिवल का आयोजन इस वर्ष चितकारा विश्वविद्यालय में किया गया, जिसमें उत्तर भारत के 22 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक महोत्सव में दून विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
दून विश्वविद्यालय की टीम में 52 विद्यार्थियों ने 22 विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। टीम का नेतृत्व डॉ. अजीत पंवार और सिंधु खंडूरी ने किया। विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और रचनात्मकता का परिचय देते हुए कई प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किए। सांस्कृतिक शोभायात्रा (कल्चरल प्रोसेशन) में विश्वविद्यालय को द्वितीय स्थान मिला, स्किट प्रतियोगिता में तृतीय, वन एक्ट प्ले में चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा फोक ऑर्केस्ट्रा, शास्त्रीय नृत्य, हिंदी वक्तृत्व, हिंदी वाद-विवाद और मिमिक्री में विश्वविद्यालय ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. सुरेखा डांगवाल ने विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “दून विश्वविद्यालय के छात्रों ने यह सफलता केवल मंच पर प्रदर्शन से नहीं, बल्कि लगातार अभ्यास, टीम वर्क और अनुशासन के जरिए अर्जित की है। हमारे विश्वविद्यालय में छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।”
कुलपति ने यह भी बताया कि शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सांस्कृतिक समन्वयकों के मार्गदर्शन ने छात्रों को प्रेरित किया और टीम भावना, समयबद्ध तैयारी और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित किया।
सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि स्किट टीम ने राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालिफाई किया है और मार्च माह में चेन्नई में आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल में दून विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। विश्वविद्यालय समुदाय ने इस सफलता को छात्रों की मेहनत, प्रतिबद्धता और रचनात्मक ऊर्जा का परिणाम बताया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।