मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें भाजपा की शीर्ष जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
सीएम धामी ने संगठन पर्व के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर भी नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी। वहीं, नितिन नबीन ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।