उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 अधिकारियों के तबादले से बदली शासन की तस्वीर

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शनिवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल का आदेश जारी किया है। इस क्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 18 अधिकारियों, एक वित्त सेवा अधिकारी और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) के 11 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग द्वारा जारी आदेशों के तहत आईएएस संवर्ग में प्रमुख स्तर पर अहम बदलाव किए गए हैं।

आदेश के अनुसार वर्ष 2001 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आर. मीनाक्षी सुन्दरम से प्रमुख सचिव ऊर्जा, नियोजन समेत अन्य अतिरिक्त प्रभार हटाकर उन्हें प्रमुख सचिव आवास, आयुक्त आवास एवं मुख्य प्रशासक उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शैलेश बगौली को सचिव मुख्यमंत्री, गृह, कारागार और सूचना जैसे अहम विभागों से मुक्त करते हुए सचिव पेयजल नियुक्त किया गया है। वहीं सचिन कुर्वे को नागरिक उड्डयन विभाग से हटाकर सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा आयुक्त स्वास्थ्य बनाया गया है। इसके अलावा सहकारिता, आयुष, खाद्य, नियोजन, सैनिक कल्याण, राज्य संपत्ति, आपदा प्रबंधन और सचिवालय प्रशासन जैसे विभागों में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं।

राज्य सिविल सेवा अधिकारियों के तबादलों में अरविंद कुमार पांडे को मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल, दिनेश प्रताप सिंह को अधिशासी निदेशक चीनी मिल डोईवाला तथा अनिल कुमार शुक्ला को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार बनाया गया है। इसके अलावा कुम्भ मेला हरिद्वार और विभिन्न जिलों में कई पीसीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन की कार्यक्षमता बढ़ाने और विभागीय समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.