“नीति घाटी में साहस की चुनौती: हाई-एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन की तैयारी तेज़”

उत्तराखंड में पहली बार आयोजित होने जा रही हाई-एल्टीट्यूड *“नीति वैली एक्सट्रीम अल्ट्रा रन”* की तैयारियाँ पूरी गति से आगे बढ़ रही हैं। इस आयोजन को लेकर आज पर्यटन सचिव श्री धीराज सिंह गर्बयाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के बंसी लाल राणा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त निदेशक, उप निदेशक (एडवेंचर), जिला पर्यटन विकास अधिकारी चमोली और नीति घाटी के विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों तथा स्थानीय हितधारकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में अल्ट्रा रन के आयोजन की सुरक्षा, मार्ग चयन, लॉजिस्टिक व्यवस्थाएँ, स्थानीय सहभागिता और पर्यटन संवर्धन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

पर्यटन सचिव ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल साहसिक खेलों और एडवेंचर प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि नीति घाटी और आसपास के क्षेत्रों के पर्यटन विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारी उच्च मानकों के साथ की जाए और पर्यटकों तथा प्रतिभागियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी और संसाधनों का संरक्षण इस आयोजन की सफलता के लिए निर्णायक होगा। *नीति वैली एक्सट्रीम अल्ट्रा रन* राज्य में साहस, एडवेंचर और पर्यटन को जोड़ने वाला एक नया मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.