कराकस में तड़के धमाकों से हड़कंप, अमेरिकी हमले की अटकलें—मादुरो ने लगाया आपातकाल

कराकस, वेनेजुएला।
वेनेजुएला की राजधानी कराकस में शनिवार तड़के कई जोरदार धमाकों से हड़कंप मच गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रपति भवन के आसपास सायरन गूंजते रहे और सुरक्षा बलों ने टैंकों के साथ गश्त तेज कर दी। स्थानीय समय के अनुसार पहला धमाका रात करीब 1:50 बजे हुआ। इसके बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और आसमान में विमानों जैसी तेज आवाजें सुनाई देने की खबरें सामने आईं। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में रात के अंधेरे में धुएं के गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं।

खबरों के मुताबिक, धमाकों की आवाजें केवल कराकस तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि तटीय इलाकों और हिगुएरोटे एयरपोर्ट के आसपास भी सुनी गईं। हालांकि, अब तक वेनेजुएला सरकार की ओर से इन घटनाओं को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसी बीच, अमेरिका ने अपने विमानों के लिए वेनेजुएला का पूरा हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है, जब अमेरिका पहले ही ड्रग तस्करी के मुद्दे पर वेनेजुएला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देता रहा है।

इन घटनाक्रमों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुराने बयानों की भी चर्चा हो रही है, जिनमें उन्होंने वेनेजुएला के खिलाफ ज़मीनी कार्रवाई से इंकार न करने की बात कही थी। ऐसे में कराकस में हुए धमाकों को लेकर अमेरिकी हमले की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, धमाकों की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

तनाव के बढ़ते माहौल के बीच वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। राष्ट्र के नाम अपने संदेश में मादुरो ने जनता से ‘साम्राज्यवादी आक्रमण’ के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश इस समय बाहरी आक्रामकता का सामना कर रहा है और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए जनता की एकता सबसे जरूरी है।

राजधानी कराकस में पहले से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सेना की भारी तैनाती, टैंकों की गश्त और प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है। हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।

इस बीच, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी एयरफोर्स ने अपने विमानों के ट्रांसपोंडर बंद कर दिए हैं, जिसके कारण FlightRadar24 जैसे प्लेटफॉर्म पर अमेरिकी उड़ानें दिखाई नहीं दे रही हैं। साथ ही, कराकस के ऊपर दर्जनों अमेरिकी आर्मी हेलिकॉप्टर और विमान देखे जाने की खबरें सामने आई हैं। इनमें CH-47 हेलिकॉप्टर शामिल बताए जा रहे हैं। जमीन पर बढ़ती सैन्य हलचल और आसमान में गतिविधियों ने आशंका बढ़ा दी है कि वेनेजुएला में किसी बड़े सैन्य ऑपरेशन की शुरुआत हो सकती है।

फिलहाल, स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और पूरी दुनिया की नजरें कराकस पर टिकी हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.