साल के आखिरी दिन बुधवार को दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। राजधानी दिल्ली में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। इसका सीधा असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के परिचालन पर पड़ा और हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोहरे के चलते बुधवार को आईजीआई एयरपोर्ट से कुल 148 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें 70 प्रस्थान (डिपार्चर) और 78 आगमन (अराइवल) उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा दो उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ संभव नहीं हो सका।
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि सुबह से ही दृश्यता बेहद कम रही, जिससे रनवे ऑपरेशन प्रभावित हुआ। यात्रियों को लंबे समय तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी भी साझा की।
इंडिगो एयरलाइंस ने घने कोहरे को देखते हुए यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर बताया कि दिल्ली और उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट्स पर कोहरे के कारण फ्लाइट ऑपरेशन धीमा हो गया है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति अवश्य जांच लें।
इंडिगो ने यह भी कहा कि यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए, क्योंकि कोहरे के कारण सड़क यातायात भी प्रभावित हो सकता है। एयरलाइन ने आश्वासन दिया कि उनकी टीमें यात्रियों की सहायता के लिए पूरी तरह तैनात हैं।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे का असर देखने को मिला था। मंगलवार को करीब 118 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं, जबकि 16 फ्लाइट्स को अन्य शहरों की ओर डायवर्ट किया गया था और 130 से अधिक उड़ानों में देरी हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
