आंध्र प्रदेश में ट्रेन हादसा: रात के अंधेरे में लगी आग, सैकड़ों यात्रियों में मची अफरा-तफरी

आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में रविवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जब टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। यह हादसा यलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास रात करीब एक बजे हुआ, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि ट्रेन के दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस दर्दनाक घटना में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की मौत हो गई, जिनकी पहचान विजयवाड़ा निवासी सुंदर के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले बी-1 कोच में लगी, जो पैंट्री कार के पास स्थित था। कुछ ही मिनटों में लपटें एम-2 कोच तक फैल गईं। धुएं का गुबार इतना तेज था कि यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। लोको पायलट ने समय रहते स्थिति को भांपते हुए ट्रेन को यलमंचिली स्टेशन पर रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत अन्य कोचों को अलग कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक दोनों कोच पूरी तरह जल चुके थे। हादसे के समय ट्रेन में करीब 2,000 यात्री सवार थे, जिन्हें बाद में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरी ट्रेन से एर्नाकुलम भेजा गया।

अनाकापल्ली के पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

रेलवे प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और सभी प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और रेल यातायात सामान्य बताया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.