शुभंकर-वसुंधरा को मिला ‘शीर्ष’ आशीर्वाद

DGP दीपम सेठ के सुपुत्र के 'वेडिंग रिसेप्शन' में शामिल हुईं दिग्गज हस्तियां

राजभवन से लेकर सरकार तक की गरिमामयी उपस्थिति, अविस्मरणीय रहा आतिथ्य
पक्ष-विपक्ष के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा, प्रशासनिक और आध्यात्मिक हस्तियों ने दी मंगलकामनाएं
ममता सिंह, देहरादून।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ के सुपुत्र शुभंकर एवं पुत्रवधु वसुंधरा के विवाह उपलक्ष्य में आयोजित ‘वेडिंग रिसेप्शन’ रविवार को प्रदेश की राजनीति, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र की दिग्गज हस्तियों के मिलन का केंद्र बना। देहरादून के प्रसिद्ध होटल हयात रिजेंसी (Hyatt Regency) में आयोजित इस समारोह में ‘देवभूमि’ की लगभग सभी शीर्ष विभूतियों ने एक साथ शिरकत कर नवदंपति को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

समारोह की विशिष्टता का प्रमाण यह था कि एक ही छत के नीचे प्रदेश के वर्तमान और पूर्व नेतृत्व का अद्भुत संगम जीवंत हो उठा। माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह एवं प्रदेश की प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने समारोह में पहुँचकर नवदंपति को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सपरिवार इस खुशी के मौके पर सम्मिलित हुए।
राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से यह समारोह बेहद खास रहा। यहाँ विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी के साथ ही पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और तीरथ सिंह रावत ने भी वर-वधू को शुभाशीष दिया। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की मौजूदगी ने समारोह में शिष्टाचार और आत्मीयता का रंग और गहरा कर दिया।
पुलिस विभाग के मुखिया के पारिवारिक आयोजन में शासन-प्रशासन के आला अधिकारी भी बड़ी संख्या में पहुंचे। डीजी सूचना बंशीधर तिवारी समेत शासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। आध्यात्मिक क्षेत्र से योग गुरु स्वामी रामदेव ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा, बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य जन भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
समारोह में आए अतिथियों ने डीजीपी दीपम सेठ द्वारा की गई शानदार व्यवस्थाओं और स्नेहपूर्ण आतिथ्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। सभी गणमान्य जनों ने शुभंकर और वसुंधरा के सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.