भारत मंडपम में वीरों को नमन: पीएम मोदी करेंगे वीर बाल दिवस समारोह को संबोधित

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री दोपहर करीब सवा 12 बजे देश को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर देशभर से आए बच्चों, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से साझा की है।

केंद्र सरकार द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वीर बाल दिवस का उद्देश्य सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों—बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—के अद्वितीय साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को देशवासियों तक पहुंचाना है। कम उम्र में ही धर्म और सत्य की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले इन वीर बालकों की गाथा भारतीय इतिहास में अद्वितीय मानी जाती है।

इस अवसर पर देशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल देखभाल संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों में कथा वाचन, कविता पाठ, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही ‘माय भारत’ और ‘माय गव’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी युवा पीढ़ी को इन महान बलिदानों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रधानमंत्री बच्चों से संवाद कर उन्हें साहस, कर्तव्य और देशभक्ति के मूल्यों से प्रेरित करेंगे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को देश के वीर सपूतों के त्याग, साहस और बलिदान से अवगत कराना और उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.