उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने रविवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शासकीय आवास पर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
भेंट के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने उत्तराखंड के विश्वविख्यात लोकनाट्य **रम्माण** पर आधारित एक विशेष पुस्तक केंद्रीय रक्षा मंत्री को भेंट की। उन्होंने रक्षा मंत्री को रम्माण लोकनाट्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विशेषताओं की जानकारी देते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस लोकनाट्य के महत्व को सराहते हुए उत्तराखंड की लोक संस्कृति की प्रशंसा की।
इस मुलाकात की जानकारी देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि रक्षा मंत्री ने इस अवसर पर मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खण्डूडी (एवीएसएम) की कुशलक्षेम भी जानी और देहरादून आकर उनसे भेंट करने की इच्छा व्यक्त की। यह बातचीत सौहार्दपूर्ण और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई।
भेंट के दौरान ऋतु खण्डूडी भूषण ने रक्षा मंत्री को कोटद्वार की भौगोलिक विशेषताओं, वहां की सैन्य पृष्ठभूमि और देशसेवा से जुड़े नागरिकों की बड़ी संख्या के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने रक्षा मंत्री को कोटद्वार आने का सादर आमंत्रण देते हुए कहा कि यह क्षेत्र देशभक्ति और सैन्य परंपरा का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
यह शिष्टाचार भेंट उत्तराखंड की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और सैन्य परंपरा के सम्मान और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।