असम में हाथियों से टकराई साइरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस

इंजन और पांच कोच पटरी से उतरे; 7-8 हाथियों की मौत, यात्रियों को कोई नुकसान नहीं

गुवाहाटी। असम के होजाई जिले में 20 दिसंबर को तड़के एक दुखद हादसा हुआ, जब साइरंग (मिजोरम) से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20507) हाथियों के झुंड से टकरा गई। इस टक्कर के कारण ट्रेन का इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। घटना लमडिंग डिवीजन के जमुनामुख-कांपुर सेक्शन में सुबह करीब 2:17 बजे हुई।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) के प्रवक्ता के अनुसार, लोको पायलट ने हाथियों का झुंड देखते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन हाथी ट्रेन से टकरा गए। अच्छी बात यह है कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और कोई हताहत नहीं हुआ।

दूसरी ओर वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में 7 से 8 हाथियों की मौत हो गई और एक हाथी घायल हुआ है।
घटनास्थल चंगजुराई क्षेत्र में है, जो गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों का एक अजब बयान है कि यह स्थान कोई नामित हाथी कॉरिडोर नहीं है।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के मुताबिक विभाग की ओर से तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिए गए। दुर्घटना राहत ट्रेनें और वरिष्ठ अधिकारी, जिसमें एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक और लमडिंग के डिविजनल रेलवे मैनेजर शामिल हैं, मौके पर पहुंच गए। प्रभावित कोचों के यात्रियों को अन्य कोचों में उपलब्ध खाली बर्थों पर अस्थायी रूप से ठहराया गया। प्रभावित कोचों को अलग करने के बाद ट्रेन सुबह 6:11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हो गई।

इस सेक्शन से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों को अप लाइन से डायवर्ट किया गया है। पटरी बहाली का काम जोरों पर चल रहा है।यात्रियों की मदद के लिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर सक्रिय कर दिए गए हैं: 0361-2731621, 0361-2731622 और 0361-2731623।

यह घटना असम में हाथी-ट्रेन टक्करों की बढ़ती समस्या को फिर से उजागर करती है, जहां जंगलों के करीब रेल ट्रैक होने से ऐसे हादसे होते रहते हैं। रेलवे और वन विभाग मिलकर ऐसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के उपाय कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.