तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी: 9 की मौत, क्या लापरवाही बनी वजह?

आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह दुर्घटना मारेडुमिली के खतरनाक घाट रोड पर उस समय हुई, जब चित्तूर जिले की विग्नेश्वरा ट्रैवल्स की बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी घाटी में जा गिरी। बस (एपी 39 यूएम 6543) में कुल 37 यात्री और दो चालक सवार थे।

जानकारी के अनुसार, बस भद्राचलम से अराकू की ओर जा रही थी। सुबह करीब राजू गारी मेट्टू मोड़ के पास अचानक वाहन फिसल गया और देखते ही देखते बस कई फीट नीचे जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भद्राचलम एरिया हॉस्पिटल भेजा गया। कई घायलों को आगे बेहतर इलाज के लिए चिंतूर हॉस्पिटल में भी रेफर किया गया है।

बताया गया है कि यह तीर्थयात्रा चित्तूर शहर के एक एजेंट, राममूर्ति, द्वारा आयोजित की गई थी। बस छह दिसंबर की रात चित्तूर से निकली थी और भद्राचलम के दर्शन के बाद अन्नावरम जा रही थी। मृतक और घायल सभी यात्री चित्तूर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

दुर्घटनास्थल पहाड़ी और बेहद ठंडा इलाका है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि घाट रोड पर जमा बर्फ के कारण सड़क फिसलन भरी थी, जिसके चलते बस फिसलकर घाटी में गिर गई। मरने वालों में पांच महिलाएं शामिल हैं, और अधिकांश मृतक 50 वर्ष से अधिक आयु के थे।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री नारा लोकेश और गृह मंत्री अनीता ने भी घटना पर संवेदना व्यक्त की है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में से दो की अभी पहचान नहीं हो सकी है, जबकि अन्य मृतकों में श्रीकला, सुनंदा, शिव शंकर रेड्डी, उमा रेड्डी, कृष्णा कुमारी, रघु रामधु और पुंगुला प्रसाद शामिल हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.