एसआईआर को लेकर संसद ठप—क्या है विपक्ष की बड़ी आपत्ति?

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत कई मुद्दों को लेकर मंगलवार को लोकसभा में विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही उसके शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

सदन की बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों को विशिष्ट दीर्घा में उपस्थित जॉर्जिया के संसदीय शिष्टमंडल का स्वागत कराया। इसके तुरंत बाद प्रश्नकाल शुरू हुआ, लेकिन कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर नारेबाजी करते हुए आसन के समीप पहुंच गए।

हंगामे के बीच भी भाजपा सांसद सतीश कुमार गौतम और सौमित्र खान ने क्रमशः उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से जुड़े पूरक प्रश्न पूछे, जिनका संबंधित मंत्रियों ने उत्तर भी दिया। इस दौरान विपक्ष लगातार नारेबाजी करता रहा।

अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से बार-बार अनुरोध किया कि वे अपने स्थान पर वापस जाएँ और प्रश्नकाल को चलने दें। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी सदस्यों का आचरण चिंताजनक है और संसद के अंदर और बाहर उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही भाषा अनुचित है। उन्होंने कहा, “अगर उनके राजनीतिक दलों की यही परंपरा है, तो देश देख रहा है।”

बिरला ने जोर देकर कहा कि संसद में विरोध और असहमति लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन मर्यादा और शालीनता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सदन में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिया जाता है, इसलिए संसद की गरिमा को बनाए रखते हुए आचरण करना जरूरी है।

लेकिन विपक्षी दलों का विरोध जारी रहा, जिसके चलते अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

इससे पहले, विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद भवन परिसर के मकर द्वार के सामने एसआईआर मुद्दे पर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में गंभीर अनियमितताएँ हुई हैं और इस पर संसद में विस्तृत चर्चा जरूरी है।

प्रदर्शन में कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, उपनेता गौरव गोगोई, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। विपक्ष ने सरकार से मांग की कि एसआईआर मुद्दे पर तुरंत और विस्तृत चर्चा कराई जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.