देहरादून। आरटीआई क्लब उत्तराखण्ड का वार्षिक दिवस समारोह 2025 राजधानी देहरादून में अत्यंत गरिमामयी और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति डी.पी. गैरोला (अ.प्रा.) लोकपाल, यूजीसी एल., विशिष्ट अतिथि श्री वी.के. सुमन, सचिव सामान्य प्रशासन विभाग, पूर्व सूचना आयुक्त श्री विनोद नौटियाल और राज्य सूचना आयुक्त श्री योगेश भट्ट की उपस्थिति ने समारोह की शोभा कई गुना बढ़ा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरटीआई विषय पर आधारित गीत और स्वर्गीय अधिवक्ता राजीव सूरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि के साथ हुआ। इसके बाद पारदर्शिता, जनहित और सूचना अधिकार आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
अधिवक्ता शहीद राजेश सूरी स्मृति प्रशस्ति पत्र इस वर्ष श्री विजयवर्धन डंडरियाल को प्रदान किया गया। वहीं शहीद जगदीश प्रसाद चौहान स्मृति पुरस्कार श्री शांतिप्रसाद भट्ट को दिया गया। शासन-प्रशासन में सर्वाधिक पारदर्शिता बरतने वाले विभाग के रूप में गृह विभाग, उत्तराखंड शासन को आर.एस. टोलिया स्मृति प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। सूचना के अधिकार के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुश्री तृप्ति थापा को समर्पित पत्रकार सम्मान और श्री प्रदीप गैरोला को विशिष्ट सम्मान पत्र दिया गया।
इस वर्ष आयोजन की सबसे विशेष पहल महिला सशक्तिकरण को समर्पित सम्मान श्रेणी थी। पहली बार किसी महिला आरटीआई कार्यकर्ता को सम्मानित किया गया। यह सम्मान श्रीमती सुनीता ठाकुर को प्रदान किया गया, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद एक शिक्षा संस्थान के विरुद्ध निडर संघर्ष कर पारदर्शिता व न्याय की मिसाल पेश की। आयोजन समिति ने इसे महिला नेतृत्व व अधिकार-सुरक्षा को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने प्रभावशाली तर्कों और वक्तृत्व कला का प्रदर्शन किया। इसमें प्रथम स्थान पूर्णिमा केशरवानी (सिद्धार्थ लॉ कॉलेज), द्वितीय स्थान शाश्वत बछेती (डीएवी पीजी कॉलेज) तथा तृतीय स्थान स्वाति सिंह (सिद्धार्थ लॉ कॉलेज) ने प्राप्त किया। क्विज़ प्रतियोगिता में दीक्षा (ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी) प्रथम रहीं, जबकि मिताली, मिष्ठी गोयल और वंशिका कुमारी (उत्तरांचल यूनिवर्सिटी) ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। डीएवी पीजी कॉलेज के शाश्वत, आयुष रावत और विनीत चंद्र ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आरटीआई क्लब की वार्षिक गतिविधियों, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण डॉ. बी.पी.पी. मेथाणी ने प्रस्तुत किया। उन्होंने आरटीआई आंदोलन की बढ़ती आवश्यकता, शासन-प्रशासन में पारदर्शिता की अनिवार्यता और युवाओं की भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में सचिव यज्ञ भूषण शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथियों, प्रतिभागियों, निर्णायकों, पत्रकारों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संगठन सचिव अजय नारायण शर्मा, उपाध्यक्ष रीता सूरी, राहत अली और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।