रुड़की। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और हिंसा के प्रति जागरूकता फैलाने को लेकर इनरव्हील क्लब 308, जोन-10 ने ऑरेंज कैंपेन के तहत एक प्रभावशाली रैली का आयोजन किया। रैली की शुरुआत नगर निगम रुड़की से हुई, जहां मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मेयर अनीता अग्रवाल स्वयं क्लब सदस्यों के साथ सिविल लाइन बाजार तक रैली में शामिल हुईं और “नारी सम्मान—समाज का अभिमान” जैसे नारों के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों का संदेश दिया। रैली का समापन बोट क्लब तिराहे पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया।
रैली के दौरान मेथोडिस्ट कॉलेज की छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, संवैधानिक अधिकारों और घरेलू हिंसा के विरोध पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसने राह चलते लोगों को जागरूक किया और सभी का ध्यान खींचा।
इनरव्हील क्लब ने इस अभियान के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार किसी भी सभ्य समाज की नींव हैं। क्लब का उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ सभी प्रकार की हिंसा के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाना है।
इस दौरान सुजाता आहूजा, डॉ. रमा भार्गव, शशि कीर, रजनी नागपाल, निशा सुराणा, पूजा लूथरा, ममता सिंह, पूनम परिधा सहित कई क्लब सदस्यों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।