After Header-1

छठ महापर्व का भव्य समापन: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देते उमड़ा आस्था का सैलाब!

नई दिल्ली/लखनऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का आज चौथा और अंतिम दिन है। देशभर में छठ व्रतियों ने उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का समापन किया। सुबह से ही उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। चार दिनों तक चले इस पर्व के समापन के साथ ही पूरे उत्तर भारत में भक्ति और उल्लास का माहौल दिखाई दिया।

राजधानी लखनऊ, पटना, दिल्ली और रांची में गंगा व अन्य नदियों के तटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने “उषा अर्घ्य” अर्पित किया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सोलह शृंगार कर घाटों पर पहुंचीं, वहीं पुरुषों ने भी पूरे उत्साह के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंगलवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर देशवासियों को छठ समापन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा—

“भगवान सूर्यदेव को प्रात:कालीन अर्घ्य के साथ आज महापर्व छठ का शुभ समापन हुआ। चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान छठ पूजा की हमारी भव्य परंपरा के दिव्य दर्शन हुए। समस्त व्रतियों और श्रद्धालुओं सहित पावन पर्व का हिस्सा बने सभी परिवारजनों का हृदय से अभिनंदन! छठी मइया की असीम कृपा से आप सभी का जीवन सदैव आलोकित रहे।”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पटना में विभिन्न घाटों का दौरा कर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

दिल्ली, नोएडा और रांची में प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। गंगा और उसकी सहायक नदियों के 50 से अधिक घाटों पर लाखों लोग उपस्थित रहे।

छठ महापर्व का समापन भले ही आज हो गया हो, लेकिन इसकी आस्था, अनुशासन और प्रकृति से जुड़ाव की गूंज पूरे देश में गहराई से महसूस की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.