असम में ‘लव जिहाद’ और बहुविवाह के खिलाफ सख्त कानून, पुरुष अभिभावक की भी होगी गिरफ्तारी

सत्यनारायण मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार
गुवाहाटी। असम की सरकार राज्य में ‘लव जिहाद’ और बहुविवाह के खिलाफ कड़ा कानून लाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने घोषणा की है कि अगले विधानसभा सत्र में इस संबंध में विधेयक पेश किया जाएगा। इस प्रस्तावित कानून में ‘लव जिहाद’ के मामलों में आरोपी पुरुष के माता-पिता को भी गिरफ्तार करने का प्रावधान होगा।
उन्होंने ने कहा, “हमारी सरकार महिलाओं को ‘लव जिहाद’ और बहुविवाह के जाल से बचाना चाहती है। इसके लिए हम कठोर कानून ला रहे हैं। नए कानून के तहत ‘लव जिहाद’ के मामलों में न केवल आरोपी, बल्कि उसके माता-पिता भी गिरफ्तारी के दायरे में आएंगे।” इसके अलावा बहुविवाह के खिलाफ कानून के तहत, यदि कोई पुरुष एक से अधिक विवाह करता है, तो उसे सात साल तक की सजा हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “कई पुरुष एक से अधिक शादी करके महिलाओं को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। हम इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठा रहे हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा, “कुछ लोग कहते हैं कि अल्लाह उन्हें संतान देता है, इसलिए वे बच्चे पैदा करना नहीं रोक सकते। मैं कहता हूं, जितने चाहें बच्चे पैदा करें, लेकिन सरकार से उनके पालन-पोषण या सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के लिए सहायता की उम्मीद न करें।”

उन्होंने कहा कि “यह प्रस्तावित कानून असम में सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर सरकार के सख्त रुख को दर्शाता है। विधानसभा के आगामी सत्र में इस विधेयक पर चर्चा और इसके पारित होने की संभावना पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.