ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में बीते सत्र के दौरान जबरदस्त तेजी देखने को मिली, जिसका असर एशियाई और यूरोपीय बाजारों पर भी साफ नजर आ रहा है। वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांकों ने मजबूती के साथ सत्र समाप्त किया। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.58 प्रतिशत चढ़कर 6,738.44 अंक पर बंद हुआ, जबकि नैस्डेक 0.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,941.80 अंक पर पहुंचा। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर आज 0.12 प्रतिशत की हल्की तेजी के साथ 46,792.62 अंक पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजारों में भी खरीदारी का रुझान जारी रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,578.57 अंक पर बंद हुआ, जबकि सीएसी और डीएएक्स इंडेक्स ने क्रमशः 0.23 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की।
एशियाई बाजारों में भी आज सकारात्मक माहौल बना हुआ है। नौ में से सात प्रमुख सूचकांक हरे निशान में हैं। कोस्पी इंडेक्स में 2.19 प्रतिशत की जबरदस्त छलांग लगी है, जबकि जापान का निक्केई इंडेक्स 1.47 प्रतिशत चढ़कर 49,358 अंक पर पहुंच गया। हैंग सेंग, शंघाई कंपोजिट और सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी बढ़त देखने को मिल रही है। केवल गिफ्ट निफ्टी मामूली 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है।
वैश्विक संकेतों से उम्मीद है कि भारतीय शेयर बाजार भी आज मजबूती के साथ शुरुआत कर सकता है।