देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय ने आज होटल रीजेंटा, सुभाष नगर में “मशीनरी और विद्युत उपकरण सुरक्षा (सार्वत्रिक तकनीकी विनियमन)” विषय पर ‘मानक मंथन’ कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन देहरादून के माननीय मेयर श्री सौरभ थपलियाल की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। विशेष अतिथि के रूप में उत्तराखंड लघु एवं सूक्ष्म उद्योग संघ (SMAU) के अध्यक्ष श्री हरेंद्र गर्ग और उत्तराखंड उद्योग संघ (IAU) के अध्यक्ष श्री पंकज गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा, श्री गौरव जोशी, उप सचिव, भारी उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार, और श्री समीर कंचन, सेफ्टी सेंस ने वर्चुअल माध्यम से अपने विचार साझा किए।
स्वागत भाषण में श्री सौरभ तिवारी, प्रमुख BIS देहरादून शाखा कार्यालय, ने औद्योगिक क्षेत्र में मशीनरी सुरक्षा के महत्व और उपभोक्ताओं एवं उद्योगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में BIS की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि BIS की विभिन्न प्रमाणन योजनाएँ उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन करने में मदद कर रही हैं।
माननीय मेयर श्री सौरभ थपलियाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुणवत्ता और सुरक्षा अविभाज्य हैं। उन्होंने उद्योगों से उच्च गुणवत्ता मानकों को अपनाने और सुरक्षित उत्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
तकनीकी सत्र का संचालन श्री समीर कंचन ने किया। उन्होंने मशीनरी सुरक्षा के उद्देश्यों, अंतरराष्ट्रीय मानकों से प्रासंगिकता और टाइप A, B, C मानकों की श्रेणियों पर विस्तार से जानकारी साझा की। साथ ही BIS की स्कीम, OTR विनियमन के तहत लाइसेंस/CoC प्राप्त करने की प्रक्रिया और HSN कोड के अनुसार मशीनरी वर्गीकरण के व्यावहारिक उदाहरण भी प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर उद्योग प्रतिनिधि, प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम ने हितधारकों को उभरते नियामक ढांचे, अनुपालन आवश्यकताओं और मशीनरी एवं विद्युत उपकरण सुरक्षा में मानकों की भूमिका समझने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।