हरिद्वार में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा: जानिए कब-कब होंगे बड़े कार्यक्रम

हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) तक चलने वाले *स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा* के लिए जनपद हरिद्वार में विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर दी गई है। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है और अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

अभियान की शुरुआत **17 सितंबर** को सभी शासकीय कार्यालयों, आवासीय परिसरों, ग्राम पंचायतों और विकास खंड मुख्यालयों में *स्वच्छता शपथ* और स्वच्छता अभियान से होगी। इसके बाद **18 सितंबर** को “स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” थीम पर प्रमुख चौराहों, कस्बों, पार्कों, बस स्टेशन और चिकित्सालयों में सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी संस्थाएं शामिल होंगी।

2-23 सितंबर को “सफाई मित्र सुरक्षा शिविर” थीम पर स्थानीय निकाय स्तर पर पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मियों के लिए सुरक्षा किट और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु बहुउद्देशीय शिविर आयोजित होंगे।

25 सितंबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर पूरे जिले में जनभागीदारी के साथ श्रमदान और सफाई अभियान होगा। वहीं **27 सितंबर** को पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों और वन क्षेत्र के पार्कों में व्यापक सफाई अभियान चलाकर *एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त समारोह* आयोजित किया जाएगा।

29 सितंबर को विश्व हृदय दिवस पर ठोस और तरल अपशिष्ट से होने वाली बीमारियों के प्रति जनजागरूकता अभियान और गोष्ठियां होंगी। इसके बाद **30 सितंबर** को सभी वार्डों में झाड़ू कटान, नालियों की सफाई, कीटनाशक छिड़काव और अमृत सरोवरों की सफाई की जाएगी।

1 अक्टूबर को स्कूलों में “स्वच्छतोत्सव प्रतियोगिताएं” आयोजित होंगी, जिनमें शपथ, बाल सभा, रैली, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी। पखवाड़े का समापन **2 अक्टूबर** को विशेष *उत्सव समारोह* के साथ होगा, जिसमें सभी ब्लैक स्पॉट और सीटीयू साइट पर सफाई की जाएगी। साथ ही स्वच्छता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ग्राम पंचायतों, पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाएं ताकि हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.