After Header-1

मनसा देवी पहाड़ी से मलबा गिरा, कई ट्रेनें रद्द – यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती

हरिद्वार। लगातार हो रही तेज बारिश ने सोमवार सुबह हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग पर बड़ी समस्या खड़ी कर दी। मनसा देवी पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा खिसककर भीमगोडा काली मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। इसके चलते हरिद्वार और देहरादून के बीच रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति को देखते हुए रेलवे को कई ट्रेनों को निरस्त और कुछ को ज्वालापुर स्टेशन पर ही रोकना पड़ा।

हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि भीमगोड़ा रेलवे सुरंग के समीप गिरी चट्टानों और मिट्टी के मलबे से ट्रैक पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। प्रभावित ट्रेनों में ऋषिकेश-कोच्चिवली एक्सप्रेस, हावड़ा-ऋषिकेश एक्सप्रेस, अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस और ऋषिकेश-हरिद्वार पैसेंजर शामिल हैं।

रेलवे विभाग की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और युद्धस्तर पर मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों ने कहा कि देहरादून-हरिद्वार और ऋषिकेश रेल मार्ग फिलहाल अवरुद्ध हैं, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक इंतजाम भी किए जा रहे हैं।

भूस्खलन से पास स्थित काली मंदिर परिसर को भी नुकसान हुआ है। मंदिर के बाहर बने शिवजी के छोटे स्थल को क्षति पहुंची है, हालांकि गुफा मंदिर सुरक्षित है।

गौर करने वाली बात है कि इस स्थान पर पहले भी कई बार मलबा आने से रेल सेवाएं प्रभावित हो चुकी हैं। इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे ने यहां लोहे के जाल लगाए थे, जिससे मलबा सड़क पर आने से रोका जा सके। लेकिन भारी बारिश से पहाड़ी से बार-बार हो रहे भूस्खलन ने एक बार फिर यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने और स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.