देहरादून। उत्तरकाशी जिले की यमुना वैली में स्थित नौगांव बाजार बादल फटने के कारण भारी तबाही का शिकार हुआ। अचानक आए मलबे से बाजार में अफरातफरी मच गई। गदेरे के तेज बहाव में एक आवासीय भवन दब गया, जबकि छह से अधिक घरों में पानी भर गया। गनीमत रही कि इस आपदा में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, यमुना वैली के **स्योरी फल पट्टी** में बादल फटने से भारी मात्रा में मलबा आया। इससे नगर पंचायत नौगांव के कई दुकानों और घरों को नुकसान हुआ। अचानक हालात बिगड़ने पर लोग जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे भी मलबे के कारण अवरुद्ध हो गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की सूचना मिलते ही उत्तरकाशी के जिलाधिकारी से संपर्क किया और राहत एवं बचाव कार्य को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी **प्रशांत आर्य** ने बताया कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य में जुटी हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और सभी लोग सुरक्षित हैं।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, **देवलसारी गदेरे** के उफान में एक मिक्चर मशीन, कई दोपहिया वाहन और एक कार बह गई। बाजार में अचानक पानी और मलबा आने से कई दुकानों और घरों को भारी नुकसान हुआ है। खतरे को देखते हुए लोग अब भी सतर्कता बरत रहे हैं और कई परिवार घर खाली कर चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम पोस्ट बड़कोट से निरीक्षक **राजेश जोशी** के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लगातार बारिश और मलबा आने से बाजार की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी रही, लेकिन प्रशासन की तत्परता से अब हालात काबू में लाए जा रहे हैं।