हल्द्वानी। लगातार बारिश और पेयजल लाइन में लीकेज ने हल्द्वानी की प्रमुख सड़कों की हालत खराब कर दी है। नैनीताल रोड, रामपुर रोड सहित कई मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे और टूट-फूट की स्थिति देखने को मिल रही है। इस पर कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग और पेयजल विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सड़कों की बदहाल स्थिति देखकर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि जहां भी सड़क पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से दिखाई दें, वहां तुरंत अस्थायी मरम्मत कराई जाए। दीपक रावत ने कहा कि सितंबर तक बरसात का मौसम चलता है, ऐसे में फिलहाल सड़कों को नया बनाने के बजाय अस्थायी पैचवर्क पर जोर दिया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
कमिश्नर ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात खत्म होते ही सड़कों के स्थायी पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य तुरंत शुरू कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसात और पेयजल पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़कों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, इसलिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम करें।
स्थानीय लोगों ने भी सड़कों की खस्ता हालत पर चिंता जताई और समय पर मरम्मत की मांग उठाई। कमिश्नर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सड़क मरम्मत में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार का लक्ष्य है कि बरसात के बाद क्षेत्र की सभी प्रमुख और आंतरिक सड़कों को पूरी तरह से दुरुस्त किया जाए, ताकि यातायात सुगम हो सके और लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।