फेल या पास तय करेंगे अमित शाह, तो क्या त्रिवेंद्र ने बैठक का बहिष्कार किया है

जल्द ही अपनी रिपोर्ट अमित शाह को देंगे महेंद्र भट्ट

आशीष सिंह

नयी दिल्ली। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की क्लास में देवभूमि के सासंदों को कुल कितने नंबर मिले यह तो भविष्य में ही पता चल पाएगा लेकिन कौन सांसद पास हुए और कौन फेल हुए इसका आकलन तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ही करेंगे।

दरअसल शुक्रवार को उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर देवभूमि के सभी सांसदों की जरूरी बैठक आयोजित की गई। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। बैठक में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा भी शामिल थे। महेंद्र भट्ट के आवास पर हुई इस बैठक में पंचायत चुनाव परिणामों सहित उत्तराखंड के एक दर्जन से ज्यादा ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की हुई। जानकारी के मुताबिक हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बैठक में आए जरूर लेकिन पांच मिनट के अंदर ही समीक्षा बैठक से बाहर निकल गए। सूत्रों के मुताबिक बीते पंचायत चुनाव में उत्तराखंड के कुछ सांसदों ने अपनी भूमिका ठीक ढंग से नहीं निभाई जिससे भाजपा आलाकमान सख्त नाराज हुआ है। इसको लेकर भाजपा आलाकमान ने पार्टी के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से रिपोर्ट तलब किया है। इस क्रम में ही राज्य सभा सांसद और उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आज बैठक बुलाई थी। लेकिन त्रिवेंद्र सिंह रावत समीक्षा बैठक शुरू होते ही बैठक से बाहर निकल गये हालांकि महेंद्र भट्ट के आवास के बाहर मौजूद मीडिया कर्मियों को उन्होंने कहा कि वे थोड़ी देर बाद बैठक में आएंगे। लेकिन त्रिवेंद्र सिंह रावत दोबारा महेंद्र भट्ट के आवास पर नहीं आए। सूत्रों के मुताबिक त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ऐसा क्यों किया। इसका स्पष्ट कारण तो आज क्लीयर नहीं हो पाया है लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही इस रहस्य पर से भी पर्दा उठेगा। पिछले कुछ माह से उत्तराखंड के कुछ सांसद राज्य की अपनी ही सरकार की खामियां गिनाने में चहुंओर लगे हुए हैं। बैठक में महेंद्र भट्ट ने किसको कितना नंबर दिए हैं। यह भी समझना होगा। लेकिन माना जा रहा है कि इस बैठक में कौन-कौन सांसद पास हुए और कितने फेल हुए इसका आकलन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ही करेंगे। क्योंकि आज संपन्न हुई बैठक अमित शाह के विशेष निर्देश पर ही उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बुलाई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.